Posted on:
नई दिल्ली, 30 सितंबर । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पेरू की अपनी अध्ययन यात्रा के दौरान पेरू की संसद का दौरा किया, जिसमें सीनेट और चैंबर ऑफ डेप्युटीज भी शामिल हैं। इस दौरे का केंद्र संसदीय प्रक्रियाओं, विधायी कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन से संबंधित विषय रहे। यह संवाद दोनों विधायिकाओं के बीच व्यापक स्तर पर संस्थागत अनुभवों के आदान-प्रदान का हिस्सा रहा। यह जानकारी एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई है।
दौरे के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने पेरू गणराज्य के सीनेटर विक्टर सेफेरिनो फ्लोरेस रुइज के साथ चर्चा की। दोनों ने विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय कार्यप्रणाली तथा लोकतांत्रिक शासन को सुदृढ़ करने में विधायिकाओं की भूमिका पर विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही उन्होंने निरंतर संस्थागत संवाद और संसदीय सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने सीनेटर फ्लोरेस रुइज को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा और नेतृत्व पर आधारित पुस्तक ‘पावर विदिन’ भी भेंट की। इस संवाद ने भारत और पेरू के बीच आपसी समझ और सहभागिता को मजबूत करने में संसदीय एवं संस्थागत आदान-प्रदान के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया।