दिल्ली के आईटी मंत्री ने एआई प्रशिक्षण केंद्र का किया उद्घाटन

Posted on: 2026-09-30


नई दिल्ली, 30 सितंबर । दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को सिविल लाइंस स्थित विकास भवन-II में एआई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इस एआई प्रशिक्षण केंद्र में पहला क्षमता-निर्माण कार्यक्रम 15 अक्टूबर से शुरू होगा। इस सेंटर को दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एआई और उभरती हुई नई टेक्नोलॉजी की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देने के लिए बनाया गया है।

मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल का मकसद सरकारी अधिकारियों को अपने रोजमर्रा के काम में एआई को अच्छी तरह समझने और उसका इस्तेमाल करने में सक्षम बनाना है। साथ ही गोपनीयता और साइबर सुरक्षा के जरूरी मानकों को बनाए रखना भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हमारे सरकारी अधिकारी एआई के लिए पूरी तरह से तैयार रहें। हमारा मकसद उन्हें अपने रोजमर्रा के काम में नई टेक्नोलॉजी का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने में सक्षम बनाना है।

मंत्री ने कहा कि यह पहल सरकारी दफ्तरों को उभरती हुई नई-नई तकनीकों से लैस करने और टेक्नोलॉजी पर आधारित गवर्नेंस के लिए जरूरी क्षमताएं विकसित करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकारी कामकाज में एआई को इस तरह से लागू किया जाना चाहिए कि इससे अधिकारियों को काम में मदद मिले और कामकाज की क्षमता और ज्यादा बेहतर हो।

इस एआई प्रशिक्षण केंद्र में पहला क्षमता-निर्माण कार्यक्रम 15 अक्टूबर से शुरू होगा। यह ट्रेनिंग प्रैक्टिकल और एप्लीकेशन-ओरिएंटेड होगी, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, ऑफिशियल ड्राफ्टिंग, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और एआई का इस्तेमाल करके डायनामिक प्रेजेंटेशन बनाना शामिल होगा। साथ ही साइबर सिक्योरिटी और जिम्मेदार एआई प्रैक्टिस के महत्वपूर्ण पहलू भी इसमें शामिल होंगे।

उद्घाटन के दौरान सरकारी दफ्तरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और इसके इस्तेमाल पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को एआई और प्रैक्टिकल इस्तेमाल के लिए उपलब्ध अलग-अलग टूल्स- के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।