मंत्री अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिल्लीवासियों को 1,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

Posted on: 2026-09-29


नई दिल्ली, 29 सितंबर । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को दिल्लीवासियों को 1,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन व मोदी मिल फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग से राजधानी में आधुनिक, मजबूत और नागरिक-केंद्रित इंफ्रास्ट्रक्चर को गति मिल रही है। केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर दिल्लीवासियों की वर्षों पुरानी आवश्यकताओं को पूरा करने तथा राजधानी की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी में सड़क, फ्लाईओवर, अंडरपास और एलिवेटेड कॉरिडोर का ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार हो, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम हो, यातायात दबाव कम हो और दिल्लीवासियों के समय की बचत होगी। आज शुरू हुई परियोजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, डॉ. पंकज कुमार सिंह, कई विधायक, वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच नीति, योजना और क्रियान्वयन के स्तर पर बेहतर समन्वय का सीधा लाभ दिल्लीवासियों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर दिल्ली सरकार राजधानी में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली को मिली ये परियोजनाएं केवल सड़क, फ्लाईओवर और अंडरपास नहीं हैं, बल्कि लाखों दिल्लीवासियों के समय की बचत, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम आवागमन और बेहतर जीवन-स्तर से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी (आआपा) की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में विकास परियोजनाएं ‘‘लटकी, अटकी और भटकी’’ रहती थीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लंबित परियोजनाओं को पूरा करने पर जोर दे रही है।

इस अवसर पर दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि आज दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए महत्वपूर्ण दिन है। बारापुला फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन तथा लोनी अंडरपास और सावित्री सिनेमा-मोदी मिल फ्लाईओवर का शिलान्यास दिल्ली की कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली के लक्ष्य को जमीन पर उतारने में सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का धन्यवाद किया।

बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 शुरू होने से मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां होते हुए दक्षिण दिल्ली और एम्स तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मजबूत होगी। करीब 10.9 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर को मौजूदा बारापुला नेटवर्क से जोड़ा गया है। परियोजना में यातायात को अलग-अलग दिशाओं में सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नौ लूप बनाए गए हैं। पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी अलग सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे पूर्वी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और नोएडा से आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा। यह कॉरिडोर दिल्ली के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सिग्नल-फ्री कड़ी के रूप में काम करेगा।

मुकरबा चौक अंडरपास का निर्माण बाहरी रिंग रोड पर यातायात को अधिक सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है। परियोजना में दो वाहन अंडरपास और एक पैदल यात्री अंडरपास शामिल हैं। परियोजना से प्रतिदिन लगभग 15,800 वाहनों को लाभ मिलने का अनुमान है। इससे बादली और रोहिणी की ओर से आजादपुर तथा जहांगीरपुरी जाने वाले यातायात को मुकरबा चौक इंटरचेंज में प्रवेश किए बिना सीधे मार्ग उपलब्ध होगा। साथ ही, हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास पैदल यात्रियों एवं गैर-मोटर चालित यातायात के लिए अलग अंडरपास होने से आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।

दक्षिण दिल्ली की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर के विस्तार के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है। परियोजना के अंतर्गत मोदी मिल से कालकाजी और आगे आईआईटी गेट की दिशा में सिग्नल-फ्री आवागमन को मजबूत किया जाएगा। यह परियोजना कैप्टन गौड़ मार्ग–आउटर रिंग रोड सहित दक्षिण दिल्ली के प्रमुख यातायात जंक्शनों पर दबाव कम करने और नेहरू प्लेस, कालकाजी, ग्रेटर कैलाश और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद करेगी।

सावित्री सिनेमा जंक्शन पर नए समानांतर फ्लाईओवर के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। प्रस्तावित फ्लाईओवर का उद्देश्य आउटर रिंग रोड और जीके-2 रोड के आसपास यातायात के दबाव को कम करना तथा नेहरू प्लेस, ओखला और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को अधिक सुगम मार्ग उपलब्ध कराना है।

लोनी रोड गोल चक्कर अंडरपास के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य लोनी रोड और शाहदरा के बीच यातायात को अधिक सुगम बनाना और लोनी रोड गोल चक्कर पर वाहनों के दबाव को कम करना है। प्रस्तावित अंडरपास चार लेन का होगा और इसके निर्माण से लोनी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को गोल चक्कर पर रुकने की आवश्यकता कम होगी और शाहदरा की ओर आवागमन अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।