मुख्यमंत्री ने बुराड़ी में स्वचालित प्रशिक्षण केंद्र का किया उद्घाटन

Posted on: 2026-09-26


नई दिल्ली, 26 सितंबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को बुराड़ी में स्वचालित प्रशिक्षण केंद्र (एटीएस) का उद्घाटन किया। एटीएस की प्रतिवर्ष 90,000 वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग क्षमता है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 सितंबर को तेहखंड और महज 23 दिनों में आज बुराड़ी में दूसरा एटीएस मिला है, इससे पहले नंद नगरी डिपो में एटीएस शुरू किया जा चुका है। यही हमारी सरकार की काम करने की गति है। उन्होंने कहा कि पूरी परीक्षण प्रक्रिया स्वचालित होगी, जिससे मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और वाहन फिटनेस आकलन में सटीकता और पारदर्शिता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एटीएस में वाहनों की फिटनेस के लिए ब्रेक क्षमता, सस्पेंशन प्रदर्शन, हेडलाइट संरेखण, साइड-स्लिप, उत्सर्जन स्तर और वाहन के निचले हिस्से की जांच जैसी जरूरी जांच भी की जाएगी और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों को भी नई ताकत मिलेगी।मंत्री पकंज कुमार सिंह ने कहा कि वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग में तकनीक के इस्तेमाल से जांच प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और मॉनिटरिंग भी बेहतर तरीके से की जा सकेगी। इसका सीधा लाभ सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर-पूर्वी दिल्ली और दिल्ली के लाखों कमर्शियल वाहन को फिटनेस टेस्ट के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।