60 लाख की ठगी का 'भगोड़ा' आईजीआई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया

Posted on: 2026-07-11


नई दिल्ली, 11 जुलाई । करीब 60 लाख रुपये की ठगी के मामले में पिछले एक साल से अदालत और पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा घोषित भगोड़ा आखिरकार आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचते ही दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपित लंबे समय से अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था, लेकिन स्थानीय इनपुट और मैनुअल निगरानी के दम पर आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने शनिवार को बताया कि मध्य जिला पुलिस घोषित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान आईपी एस्टेट थाना की टीम को सूचना मिली कि मुकेश कुमार (39) घरेलू टर्मिनल पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि मुकेश कुमार को 25 जुलाई 2025 को कोर्ट ने धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से वह लगातार न्यायिक प्रक्रिया से बचता फिर रहा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपित की तलाश में टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूत्रों और मैनुअल सर्विलांस की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर उसकी मौजूदगी की सटीक सूचना मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरार रहने के दौरान आरोपित कहां-कहां छिपा रहा और क्या वह इस दौरान किसी अन्य आर्थिक अपराध में भी शामिल रहा है।