महापौर ने रोहिणी में जन सुनवाई कर सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Posted on: 2026-07-11


नई दिल्ली, 11 जुलाई । दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को अपने क्षेत्रीय कार्यालय, रोहिणी में आयोजित जन सुनवाई के दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस जन सुनवाई में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान करने और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हमारी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।

महापौर ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।