श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर दिल्ली भाजपा ने दी श्रद्धांजलि

Posted on: 2026-07-06


नई दिल्ली, 06 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उनके प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा पौधरोपण किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में संगठन महामंत्री पवन राणा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सांसद मनोज तिवारी, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, गजेन्द्र यादव एवं योगिता सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, डॉ. हर्षवर्धन एवं आदेश गुप्ता, पूर्व प्रभारी श्याम जाजू, कार्यालय मंत्री बृजेश राय तथा प्रदेश प्रवक्ता यासिर जिलानी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उनके आदर्श प्रत्येक राष्ट्रवादी भारतीय, विशेषकर भाजपा कार्यकर्ताओं के हृदय में सदैव जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने सत्ता से अधिक राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी और अपने प्राणों का बलिदान देकर "एक राष्ट्र, एक विधान" के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, अखंड भारत और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उनके विचार और आदर्श आज भी देश के युवाओं तथा कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया तथा डॉ. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।