नारायणपुर में मृत्यु भोज में गोवंश-मांस बनाया, आरोपित गिरफ्तार

Posted on: 2026-04-24


नारायणपुर, 24 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के मरकाबेडा गांव में आयोजित एक मृत्यु भोज के दौरान गोवंश की हत्या का गंभीर मामला सामने आया है।नारायणपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर ने आज शुक्रवार काे बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए रामलाल वड्डे और शोभी वड्डे को गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि एक ग्रामीण के घर पर गुरुवार को आयोजित मृत्यु भोज (दशकर्म कार्यक्रम) में गोवंश की हत्या कर उसका मांस पकाया गया था। हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से गोवंश के सींग, अवशेष और भारी मात्रा में मांस जब्त किया , जिससे मामले की पुष्टि हुई।आरोपितों के खिलाफ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपित रामलाल वड्डे ने बताया कि उसके पास दो बैल थे। एक बैल की पहले प्राकृतिक मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दूसरे को उसने स्वयं मारकर भोज में उपयोग किया। उसने इसे स्थानीय परंपरा से जुड़ा बताते हुए कहा कि मृतक के नाम पर पत्थर स्थापित करने से पहले सामूहिक भोज आयोजित किया जाता है।