दिल्ली भाजपा 26 नवम्बर को संविधान गौरव दिवस समारोह करेगी आयोजित, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

Posted on: 2026-11-23


नई दिल्ली, 23 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली ईकाई 26 नवबंर को सिविक सेंटर में "संविधान गौरव दिवस समारोह" का आयोजन करने जा रही है। इस समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रुप में शामिल होंगे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि इस समारोह का आयोजन संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करने और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि समारोह में दिल्ली के बुद्धिजीवी वर्ग को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के सभी सांसदों एवं आमंत्रित बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करेंगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान लागू होने के बाद भी कांग्रेस सरकारों ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए।

मल्होत्रा ने कहा कि आज कांग्रेस नेता संविधान की छोटी प्रति जेब में रखकर बात-बात पर संविधान की शपथ लेते हैं, इन लोगों ने संविधान की मूल भावना की हत्या कर दी। 1975 में इसी कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर नागरिकों के मूल अधिकारों का हनन किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता रहते प्रेस पर सेंसरशिप लगाई और लाखों लोगों को जेल में बंद कर दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ही तरह आम आदमी पार्टी भी अराजक पार्टी है, जिसके मुख्यमंत्री रहते अरविंद केजरीवाल ने न सिर्फ राजपथ (कर्तव्य पथ) पर धरना दिया, बल्कि शराब घोटाले में गिरफ्तार होने के बाद भी बहुत दिनों तक इस्तीफा देने से इनकार किया।

हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली भाजपा "संविधान गौरव अभियान" के तहत दिल्ली एवं देशवासियों को संविधान के प्रति जागरूक कर रही है और इस अभियान का उद्देश्य है कि डॉ. अम्बेडकर के सपनों के भारत का निर्माण करें - जहां सामाजिक समरसता हो, समानता हो और हर नागरिक को न्याय मिले।

मल्होत्रा ने कहा कि "संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और आकांक्षाओं का दस्तावेज़ है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारा है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक का अंत और समान नागरिक संहिता की दिशा में कदम ये सभी संविधान की मूल भावना को सशक्त करने वाले निर्णय हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 26 नवम्बर के समारोह में दिल्ली के प्रबुद्ध नागरिकों की भागीदारी विशेष महत्व रखती है। सी.ए., अधिवक्ता, डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक और छात्र मिलकर यह संदेश देंगे कि संविधान हमारे जीवन का आधार है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने संबोधन में दिल्ली सरकार द्वारा संविधान के अनुरूप किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को भी साझा करेंगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में आकर इस ऐतिहासिक "संविधान गौरव समारोह" का हिस्सा बनें और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करें।