ड्रोन के जरिए पानी के छिड़काव का प्रायोगिक प्रदर्शन

Posted on: 2026-11-21


नई दिल्ली, 21 नवंबर । दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए पूर्वी जिले के नोडल सचिव वीके बिधूड़ी ने शनिवार को अक्षरधाम क्षेत्र का दौरा कर वहां प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। यह क्षेत्र कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज प्रदूषण हॉटस्पॉट का हिस्सा है।

निरीक्षण के दौरान अक्षरधाम के धोबीघाट के पास रेलवे के निर्माण कार्य का एक लंबा हिस्सा धूल उड़ने की समस्या के लिहाज से संवेदनशील पाया गया। इस समस्या के समाधान के लिए आज यहां ड्रोन के माध्यम से पानी के छिड़काव का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक के तहत ड्रोन जमीन पर रखे पानी के टैंक से पानी लेकर उड़ान भरता है और टैंक के दोनों ओर लगभग सौ-सौ मीटर तक पानी का छिड़काव कर सकता है। इससे रेलवे निर्माण स्थल के आसपास के बड़े क्षेत्र में पानी का छिड़काव कर उड़ती धूल को कम करने में मदद मिल सकती है।

यह पहल प्रदूषण नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके माध्यम से धूल प्रभावित क्षेत्रों में कम समय में अधिक प्रभावी ढंग से पानी का छिड़काव करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। विभिन्न विभागों के आपसी सहयोग से ऐसे नए उपायों को अपनाकर क्षेत्र में वायु प्रदूषण कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान एमसीडी, राजस्व विभाग, दिल्ली पुलिस, पीडब्ल्यूडी, डीएमआरसी, रेलवे सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समय पर आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।