लॉरेंस बिश्नोई के भाई के नाम पर मांगे 60 लाख, गिरफ्तार

Posted on: 2026-11-20


नई दिल्ली, 20 नवंबर । दिल्ली स्थित जनकपुरी थाना पुलिस ने 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के रायबरेली का आशु मौर्य (27) है। वह खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बताकर कारोबारी के परिवार को वॉट्सऐप पर धमकी दे रहा था। डर पैदा करने के लिए उसने कारोबारी के घर रैपिडो राइडर के जरिए एक लिफाफा भी भिजवाया। इसमें लेमिनेट किया हुआ 10 रुपये का आधा नोट रखा था। पुलिस ने आरोपित के पास से चार मोबाइल टैबलेट, सिम कार्ड, मोटरसाइकिल और 10 रुपये के नोट का बचा हुआ आधा हिस्सा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, जनकपुरी निवासी जतिन गाबा ने शिकायत दी थी कि उनके परिवार को वॉट्सऐप पर धमकी भरे संदेश भेजकर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। इसी दौरान उनके घर एक लिफाफा पहुंचा, जिसमें लेमिनेट किए गए 10 रुपये के नोट का आधा टुकड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनकपुरी थाने की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायतकर्ता के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लिफाफा पहुंचाने के लिए मानेसर से रैपिडो राइड बुक की गई थी। पुलिस ने रैपिडो राइडर पंकज गौतम से पूछताछ की। उसने बताया कि उसे संदिग्ध मोबाइल नंबर से ऑनलाइन बुकिंग मिली थी और मानेसर, गुरुग्राम से लिफाफा लेकर जनकपुरी में पहुंचाने को कहा गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी के दूसरे मोबाइल नंबर का पता लगाया। यह नंबर रायबरेली निवासी आशु मौर्य के नाम पर रजिस्टर्ड मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने 60 लाख रुपये वसूलने की साजिश रची। आरोपित का पिता पिछले 27 साल से शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहा है। इस वजह से आरोपी कारोबारी और उसके परिवार को अच्छी तरह जानता था। उसे लगा कि लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करने से परिवार डर जाएगा और रंगदारी की रकम देने को मजबूर हो जाएगा।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने 10 रुपये के नोट को लेमिनेट कराने के बाद उसके दो टुकड़े किए। एक हिस्सा लिफाफे में रखकर रैपिडो राइडर के जरिए कारोबारी के घर भिजवा दिया, जबकि दूसरा हिस्सा अपने पास रख लिया। इसके बाद उसने कारोबारी की पत्नी के मोबाइल पर वॉट्सऐप संदेश भेजकर खुद को अनमोल बिश्नोई बताया और 60 लाख रुपये की मांग की।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल और सिम कार्ड के अलावा तीन अन्य मोबाइल फोन, एक टैबलेट, नोट का दूसरा आधा हिस्सा और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने धमकी देने के लिए किन तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया और इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।