Posted on:
नई दिल्ली, 20 नवंबर । दिल्ली स्थित लाल किले के पास दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नाम पर फर्जी पार्किंग पर्चियां काटकर वाहन चालकों से रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध पार्किंग का धंधा चला रहे मोहम्मद नौशाद (40) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एमसीडी के नाम वाली पार्किंग पर्चियों की एक बुकलेट और 1300 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बुकलेट में कुल 100 पर्चियां थीं। इनमें से 18 का इस्तेमाल किया जा चुका था, जबकि 82 पर्चियां खाली थीं।
पुलिस के अनुसार 19 नवंबर को लाल किला पुलिस चौकी को सूचना मिली कि मेट्रो गेट नंबर-2 के पास अपर सुभाष मार्ग पर एक व्यक्ति एमसीडी के नाम से पार्किंग पर्चियां काटकर वाहन चालकों से पैसे वसूल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसआई सतीश के नेतृत्व में टीम बनाई। इसमें एसआई योगेंद्र कुमार और हेड कॉन्स्टेबल रोहित को शामिल किया गया। टीम ने सुबह 10:40 बजे मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। वहां एक व्यक्ति वाहन चालकों को पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के लिए आवाज लगा रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने उससे पार्किंग चलाने का लाइसेंस और एमसीडी की अनुमति के दस्तावेज मांगे लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। तलाशी के दौरान उसके पास से 1300 रुपये और एमसीडी ऑथराइज्ड एससीटी, बाइक पार्किंग के नाम से छपी पर्चियों की बुकलेट बरामद हुई।
जांच में पता चला कि नौशाद को एमसीडी ने 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए पार्किंग चलाने का लाइसेंस दिया था। हालांकि, निर्धारित शुल्क और बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण एमसीडी ने अगस्त 2026 में ही उसका लाइसेंस रद्द कर दिया था। इसके बावजूद वह पार्किंग चला रहा था और वाहन चालकों से पैसे वसूल रहा था। आरोपित के पास अब पार्किंग संचालन की कोई वैध अनुमति नहीं थी।
इस मामले में कोतवाली थाने में 19 नवंबर को दर्ज प्राथमिकी के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह कब से अवैध रूप से पार्किंग चला रहा था और इस तरह कितने वाहन चालकों से रुपये वसूले गए। आरोपी मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है। मामले की आगे जांच जारी है।