छग : बिजली कंपनियों में कुल 1,501 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू

Posted on: 2026-11-07


रायपुर, 07 नवंबर । छत्तीसगढ़ की छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड तीनों बिजली कंपनियों में कुल 1,501 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में अलग-अलग 38 प्रकार के पदों पर कुल 1501 रिक्तियां निकाली गई हैं।

इस भर्ती अभियान में द्वितीय श्रेणी के 195 पद रखे गए हैं, जबकि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 1306 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सबसे ज्यादा अवसर डाटा एंट्री ऑपरेटर और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर हैं।

बिजली कंपनियों की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क भी इसी समय सीमा के भीतर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के जरिए जमा करना होगा।

भर्ती विज्ञापन के अनुसार, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तें भी निर्धारित की गई हैं।अन्य राज्यों के उम्मीदवार केवल द्वितीय श्रेणी के अधिकारी पदों (जैसे - सहायक अभियंता, चिकित्सा अधिकारी, लेखा अधिकारी आदि) के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के रखे गए हैं। तीनों बिजली कंपनियों को मिलाकर इस पद पर कुल 609 नियुक्तियां होंगी। इनमें जनरेशन कंपनी में 95, ट्रांसमिशन कंपनी में 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450 पद शामिल हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पदों पर भर्ती होगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद निर्धारित किए गए हैं।

भर्ती में सहायक अभियंता के कुल 152 पद शामिल हैं। इनमें मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद हैं। इसके अलावा फायर ऑफिसर के एक , सुरक्षा अधिकारी के 3, शिफ्ट केमिस्ट के 6 और प्रोग्रामर के 3 पद रखे गए हैं। कनिष्ठ अभियंता के अन्य पदों में मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस का 1, सूचना प्रौद्योगिकी का 1 और सिविल के 26 पद शामिल हैं।

तकनीकी और औद्योगिक श्रेणी में सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10 और सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 पद हैं। वहीं अटेंडेंट प्लांट ग्रेड-III के अंतर्गत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद रखे गए हैं। फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पदों पर भी भर्ती होगी।

अन्य विभागों में लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15 और सहायक विधि अधिकारी के 8 पद शामिल हैं। इसके अलावा सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8, अंग्रेजी स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 12 और हिंदी स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 13 पद हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों में सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद शामिल हैं।