Posted on:
रायपुर 03 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा संचालित 'महतारी वन्दन योजना' को प्रदेश की महिला सशक्तीकरण के इतिहास का मील का पत्थर बताया है। सांसद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री साय की संवेदनशील कार्यप्रणाली ने प्रदेश की लगभग 70 लाख माताओं-बहनों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मसम्मान और नए विश्वास का संचार किया है।
भाजपा सांसद वर्मा ने मंगलवार काे कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय महिला कल्याण की योजनाएँ केवल कागजों तक सीमित थीं, लेकिन साय-सरकार ने सत्ता सम्भालने के कुछ ही महीनों के भीतर 'महतारी वन्दन योजना' को लागू कर यह साबित कर दिया कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। आज हमारी माताएँ-बहनें अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, पोषण और पारिवारिक आकस्मिक खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं हैं। यह योजना केवल 1,000 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति के स्वाभिमान की स्थायी व्यवस्था है।
श्रीमती वर्मा ने योजना के मुख्य तथ्यों एवं उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया कि योजना के अन्तर्गत प्रदेश की पात्र विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 (वार्षिक 12,000) रुपये सीधे उनके आधार-लिंक्ड बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए अंतरित किए जा रहे हैं। राज्य की 70 लाख से अधिक पात्र महिलाएँ नियमित रूप से इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। डीबीटी व्यवस्था के कारण बिचौलियों की कोई गुंजाइश नहीं रही, जिससे शत-प्रतिशत राशि सीधे लाभार्थी के खाते में पहुँच रही है। प्रत्येक माह की तय तारीख पर योजना की किश्त जारी की जाती है, जिससे परिवार के घरेलू बजट को स्थिरता मिली है। श्रीमती वर्मा ने कहा कि महतारी वन्दन योजना से मिलने वाली निरंतर राशि और स्व-सहायता समूहों के विस्तार ने ग्रामीण अंचलों में महिलाओं को लखपति दीदी बनने और लघु स्वरोजगार स्थापित करने की नई दिशा दी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के ध्येय पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित है। महतारी वन्दन योजना ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब नेतृत्व सशक्त और नीतियाँ पारदर्शी हों, तो बदलाव सीधे जमीनी स्तर पर दिखता है।