रेलवे ने अक्टूबर में 145.07 मिलियन टन माल ढुलाई कर बनाया नया रिकॉर्ड, पिछले साल से 8.32 प्रतिशत अधिक

Posted on: 2026-11-04


नई दिल्ली, 04 नवंबर। भारतीय रेलवे ने अक्टूबर महीने में अब तक की सर्वाधिक 145.07 मिलियन टन माल ढुलाई दर्ज की है। यह अक्टूबर 2025 में दर्ज 133.93 मिलियन टन की तुलना में 8.32 प्रतिशत अधिक है। रेलवे ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) में भी 978.78 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 935.10 मिलियन टन के मुकाबले 4.67 प्रतिशत अधिक है।

रेल मंत्रालय के अनुसार इस साल अक्टूबर में कई प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान खाद्यान्न की ढुलाई में 26.3 प्रतिशत, घरेलू कोयले में 16 प्रतिशत, अन्य वस्तुओं में 11 प्रतिशत, क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर में 6.3 प्रतिशत, लौह अयस्क में पांच प्रतिशत, खनिज तेल में 1.9 प्रतिशत और तैयार इस्पात की ढुलाई में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

बिजलीघरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने घरेलू कोयले की आपूर्ति भी बढ़ाई है। अक्टूबर 2026 में प्रतिदिन औसतन 469.8 रैक कोयले की आपूर्ति की गई, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 393.2 रैक प्रतिदिन था। इस तरह कोयला आपूर्ति में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

माल ढुलाई के साथ यात्री परिवहन में भी वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर में रेलवे ने 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि पिछले साल इसी महीने 63.52 करोड़ यात्रियों ने रेल यात्रा की थी।

चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के दौरान रेलवे ने कुल 443.8 करोड़ यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 431.4 करोड़ थी। इस दौरान गैर-उपनगरीय यात्री परिवहन में 4.2 प्रतिशत और उपनगरीय यात्री परिवहन में 1.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रेल मंत्रालय के अनुसार माल ढुलाई में वृद्धि देश की आर्थिक गतिविधियों और रसद व्यवस्था को मजबूती देने के रेलवे के प्रयासों को दर्शाती है। क्षमता विस्तार और परिचालन दक्षता में सुधार के जरिए रेलवे अपने परिवहन नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रहा है।