Posted on:
ईरोड, 03 नवंबर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने मंगलवार को ईरोड जिले के पेरुंदुरई में आयोजित सरकारी समारोह में 26 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों को 3,000 करोड़ रुपये की बैंक ऋण सहायता प्रदान की। इस वित्तीय सहायता का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके मौजूदा कारोबार को विस्तार देने में मदद करना है।
तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री विजय राज्य के अलग-अलग जिलों का दौरा कर सरकारी योजनाओं का शुभारंभ कर रहे हैं और विकास परियोजनाओं की आधारशिला रख रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने 16 अक्टूबर को कोयंबटूर में आयोजित सरकारी समारोह में पेरियार अरिवुलगम का उद्घाटन किया था। इसके बाद 2 नवंबर को पुदुकोट्टई पहुंचे मुख्यमंत्री ने 23.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए बस स्टैंड का उद्घाटन किया और उसका निरीक्षण किया। मंगलवार को ईरोड जिले में उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।
पेरुंदुरई-कांजीकोविल रोड स्थित श्री लक्ष्मी नारायण महल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से 3,000 करोड़ रुपये की ऋण सहायता उपलब्ध कराई। बताया गया कि इस योजना के तहत प्रत्येक समूह को औसतन करीब 11.5 लाख रुपये का ऋण मिल सकता है। इस राशि से महिलाएं छोटे और मध्यम स्तर के कारोबार शुरू करने के साथ अपने मौजूदा उद्यमों का विस्तार कर सकेंगी।
समारोह से पहले मुख्यमंत्री विजय ने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई उत्पाद प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को देखा और उनकी मेहनत की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कई उत्पादों को पैसे देकर खरीदा। विशेष रूप से अपनी तस्वीर छपी हुई हथकरघा की बेडशीट देखकर वे रुके और उसे भी खरीद लिया।
प्रदर्शनी में मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की और उनके प्रति उत्साह जताया। वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उनसे हाथों से दिल का इशारा करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए दिल का इशारा किया। इससे महिलाएं काफी खुश हुईं। कई महिलाओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और ऑटोग्राफ भी लिया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विजय को एमजीआर की ओर से राजदंड दिए जाने की आकृति वाला स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में मंत्री एन. आनंद, सेंगोट्टैयन, अरुणराज और विजय बालाजी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री विजय ने विजयमंगलम सिपकॉट क्षेत्र से रोड शो किया। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग और टीवीके कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान लोगों में उनके साथ तस्वीरें लेने और अभिवादन करने को लेकर उत्साह देखा गया।