विदेशी महिला का बैग चोरी करने मामले में बुजुर्ग महिला गिरफ्तार

Posted on: 2026-10-26


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर |  दिल्ली के पहाड़गंज में खरीदारी करने गई एक विदेशी महिला का बैग चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 72 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला उत्तम नगर निवासी सविता गांधी उर्फ सरोज गांधी है।

पुलिस के मुताबिक 21 अक्टूबर को एक विदेशी महिला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। महिला पहाड़गंज की एक दुकान पर खरीदारी करने गई थी, जहां से उसका बैग चोरी हो गया। बैग में पासपोर्ट, वीजा के दस्तावेज, 2600 अमेरिकी डॉलर, 2.50 लाख रुपये, तीन क्रेडिट कार्ड और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन था। शिकायत मिलने के बाद पहाड़गंज थाने की संगतराशन पुलिस चौकी की टीम ने मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में 21 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने आरोपित की पहचान करने के लिए वारदात स्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ मुखबिरों की भी मदद ली गई। पुलिस ने उन अधिकारियों से भी संपर्क किया, जिन्होंने पहले आरोपित को दूसरे मामलों में गिरफ्तार किया था। इससे उसके मौजूदा ठिकाने के बारे में जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस टीम ने 24 अक्टूबर को उत्तम नगर में छापा मारकर सविता गांधी उर्फ सरोज गांधी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,85,500 रुपये और 2600 अमेरिकी डॉलर बरामद हुए। वारदात के समय आरोपी ने जो कपड़े पहने थे, उन्हें भी बरामद कर लिया गया है, लेकिन महिला का पासपोर्ट, वीजा के दस्तावेज, मोबाइल फोन और तीन क्रेडिट कार्ड की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस इन सामानों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित महिला आदतन चोर है और हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा हुई थी। उसके खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामलों में संलिप्तता का रिकॉर्ड बताया गया है। इनमें वर्ष 2016 में सरोजिनी नगर थाने में दर्ज चोरी और चोरी का सामान रखने से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में जनकपुरी मेट्रो, राजा गार्डन मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

आरोपित महिला अपनी उम्र अधिक होने का फायदा उठाकर लोगों का संदेह कम करने की कोशिश करती थी। पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने और उसे जिला बदर कराने के प्रस्ताव से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।