मंडियों के आधुनिकीकरण एवं बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने में जुटी सरकार : कपिल मिश्रा

Posted on: 2026-08-17


नई दिल्ली, 17 अगस्त । दिल्ली के विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार मंडियों के आधुनिकीकरण एवं बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा श्रमिकों के भोजन एवं पोषण और अच्छे स्वास्थ्य के लिए सरकार तत्पर है। आजादपुर मंडी में अटल कैंटीन के साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी शुरू किया जा रहा है। इससे मंडी में काम करने वाले लोगों को भोजन और स्वास्थ्य दोनों सुविधाएं उपलब्ध हो रही है।

मंत्री कपिल ने आज एक बयान जारी करते हुए कहा कि 'विकसित भारत 2047' और 'विकसित दिल्ली' संकल्प को पूरा करने के लिए दिल्ली अब नई ऊर्जा एवं नई गति से जुटेगी। इस क्रम में रविवार को 100 अटल कैंटीन के संकल्प को पूरा किया है। आजादपुर मंडी में भी दो अटल कैंटीन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मंडियों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मंडी परिसर में पशु अंदर न जाएं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि मंडी में सीवर व्यवस्था को बेहतर करने के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास किया गया है। टूटी हुई सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। मंडी के प्रवेश गेट पर ऑनलाइन एंट्री की व्यवस्था करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाहनों के वजन की प्रक्रिया को भी तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मंडी में प्रवेश करते समय ही वाहन का वजन किया जा सके और पूरी व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाई जा सके।

कपिल मिश्रा ने कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शक्ति की सप्तधारा में कृषि क्षेत्र का उल्लेख किया है, उनके नेतृत्व में किसान कल्याण के साथ ही कृषि और कृषि से जुड़े समस्त व्यवसायों को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने आजादपुर मंडी की साफ-सफाई को बेहतर बनाने के लिए व्यापारियों और अधिकारियों से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कूड़े का उचित तरीके और समयबद्ध निपटान करने से सभी को लाभ होगा।