दिल्ली में ई-रिक्शा की बैटरी फटने से मकान में लगी आग

Posted on: 2026-08-17


नई दिल्ली, 17 अगस्त । दिल्ली में पश्चिमी जिले के रघुबीर नगर में सोमवार तड़के ई-रिक्शा की बैटरी फटने से एक मकान में आग लग गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सफेद (17) और मोहम्मद सामिद (38) के रूप में हुई है।

दमकल विभाग के अनुसार, तड़के करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित आर-17ए में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियाें काे भेजा गया। दमकल अधिकारियों ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की पहली मंजिल पर घरेलू सामान रखा था। इसी दौरान ई-रिक्शा की बैटरी में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। इमारत ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिल की बनी हुई है। आग लगने के दौरान वहां मौजूद दोनों युवक इसकी चपेट में आकर झुलस गए। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही दोनों को निकालकर गुरु गोविंद सिंह अस्पताल, रघुबीर नगर पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टराें ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दमकल अधिकारियों ने करीब 5:25 बजे आग से संबंधित कार्रवाई समाप्त होने की सूचना दी। अधिकारियों के मुताबिक आग घरेलू सामान तक सीमित थी। हादसे के सही कारणों और बैटरी में विस्फोट की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।