हाइड्रोजन ट्रेन का दिल्ली तक होगा विस्तार, परीक्षण शुरू : अश्वनी वैष्णव

Posted on: 2026-07-17


चंंडीगढ़, 17 जुलाई । रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शुक्रवार को ऐलान किया कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का निकट भविष्य में विस्तार करते हुए दिल्ली तक चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जींद में देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन जनता को समर्पित किए जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन जींद से सोनीपत तक चलेगी।

रेल मंत्रालय की तरफ से सोनीपत से दिल्ली रेल लाइन पर हाइड्रोजन ट्रेन का परीक्षण शुरू हो चुका है। बहुत जल्द परीक्षण कार्य पूरा होने के बाद हाइड्रोजन ट्रेन का विस्तार करके जींद से दिल्ली तक चलाया जाएगा। यह पायलट प्रोजेक्ट सफल होने के बाद देश के अन्य हिस्सों में भी हाइड्रोजन ट्रेन चलाई जाएगी।

रेल मंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जहां हाइड्रोजन की पूरी तकनीक उपलब्ध है। हरियाणा वासियों से रूबरू होते हुए रेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का वह राज्य है जहां पानी से ट्रेन चली है। उन्होंने बताया कि पूर्व में कांग्रेस की सरकार के दौरान रेलवे की तरफ से हरियाणा को 315 करोड़ का बजट अलॉट किया जाता था। मौजूदा मोदी सरकार ने इसे 11 गुना बढ़ाकर 3500 करोड़ किया है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में इस समय 18 हजार करोड़ की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 34 रेलवे स्टेशनों के नवनिर्माण का काम चल रहा है। इनमें से पांच रेलवे स्टेशनों का पुर्ननिर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आज हरियाणा में 16 वंदे भारत और 8 अमृत भारत ट्रेनों का आवागमन है। हरियाणा की सभी रेलवे ट्रेक का शतप्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है। भविष्य में हरियाणा को कई रेल परियोजनाओं का लाभ दिया जाएगा।