Posted on:
नई दिल्ली, 16 जुलाई । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को कहा कि कपड़ा उद्योग में 1,592 करोड़ के नए निवेश से राज्य में 15,700 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
डॉ. मोहन यादव ने आज दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे चार दिवसीय 'भारत टेक्स 2026' में आयोजित वैश्विक निवेशकों और ब्रांड्स के साथ राउंड टेबल बैठक के बाद यह बात कही।
उन्होंने मीडिया से कहा, "मध्य प्रदेश से वर्तमान में लगभग 11,750 करोड़ रुपये का टेक्सटाइल एवं अपैरेल निर्यात अमेरिका, जर्मनी, बांग्लादेश, श्रीलंका, वियतनाम, इटली, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में हो रहा है। राज्य में 100 से अधिक बड़े टेक्सटाइल व टेक्निकल टेक्सटाइल उद्योग और 43,000 से अधिक एमएसएमई इकाइयां सक्रिय हैं।"
डॉ यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश देश के कुल जैविक कपास का 47 प्रतिशत उत्पादन कर नंबर वन स्थान पर बना हुआ है। राज्य सिर्फ कपास उगाने तक सीमित नहीं है बल्कि 'फार्म टू फैशन' (खेत से फैशन) की पूरी वैल्यू चेन कपास उत्पादन, जीनिंग, स्पिनिंग, वीविंग, नीटिंग, डाइंग, फिनिशिंग से लेकर गारमेंट्स व मशीनरी निर्माण तक को राज्य के भीतर ही सफलतापूर्वक विकसित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश के धार जिले में बन रहा 'पीएम मित्रा पार्क' देश का सबसे बड़ा और सफल एकीकृत कपड़ा पार्क बनने जा रहा है।