बलरामपुर : विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की अहम भूमिका : कलेक्टर त्रिपाठी

Posted on: 2026-07-16


बलरामपुर, 16 जुलाई । जनपद पंचायत कुसमी के सभाकक्ष में आज गुरुवार काे आयोजित विकासखंड स्तरीय शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विद्यालयों के बेहतर संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों को बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत एवं बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक विद्यालय को अपनी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, सतत मूल्यांकन और अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण और उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी शिक्षकों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए शिक्षण की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने ड्रॉपआउट बच्चों, विशेषकर बालिकाओं, का शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से पालकों के लगातार संपर्क में रहकर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने विद्यालयों में गुड टच और बैड टच विषय पर नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राएं अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बन सकें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। आने वाले समय में प्रशासन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर ने शिक्षकों को समूह आधारित, गतिविधि आधारित और रोचक शिक्षण पद्धति अपनाने की सलाह दी। साथ ही नियमित पालक-शिक्षक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण, किचन गार्डन और पोषण वाटिका विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि मध्यान्ह भोजन अधिक पौष्टिक बनाया जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, सुरक्षा और पोषण पर समान रूप से ध्यान देकर ही बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाने का आह्वान किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।