पंडरिया शक्कर कारखाने में रिकॉर्ड समय में हुआ गन्ने की एफ.आर.पी का भुगतान

Posted on: 2026-07-16


रायपुर 16 जुलाई । पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के हजारों गन्ना उत्पादक किसानों के लिए बड़ी राहत और खुशी की खबर है। क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों और किसानों के हितों के प्रति उनकी संवेदनशील प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया द्वारा आज 18.97 करोड़ रुपये की शेष एफ.आर.पी. राशि का भुगतान जारी कर दिया गया। इसके साथ ही पेराई सत्र 2025-26 में किसानों से खरीदे गए गन्ने की एफ.आर.पी. राशि का शत-प्रतिशत भुगतान पूर्ण हो गया है।

छत्तीसगढ़ सरकार की स्पष्ट निति और विधायक भावना बोहरा के प्रयासों तथा किसानों से किये अपने वादे को पूरा करते हुए रिकॉर्ड समय में पंडरिया शक्कर कारखाना के किसानों को उनके खतों में एफ.आर.पी. के पूर्ण भुगतान की राशि हस्तांतरित होने से पंडरिया विधानसभा के गन्ना विक्रेता किसानों में उत्साह और हर्ष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया और उन्होंने इस सौगात के लिए विधायक भावना बोहरा एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

कारखाना के प्रबंध संचालक यू.के. कौशिक ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 में केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित 329.05 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदी की गई थी, जिसके एवज में किसानों को कुल 40.05 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था। इसमें से 21.07 करोड़ रुपये का भुगतान पूर्व में किया जा चुका था, जबकि शेष 18.97 करोड़ रुपये का भुगतान आज 4,961 गन्ना विक्रेता किसानों के खातों में जारी कर दिया गया। यह भुगतान 21 दिसंबर 2025 से 7 फरवरी 2026 तक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को जारी किया गया है। कारखाना प्रबंधन ने यह भी जानकारी दी कि सत्र की शेष रिकवरी राशि का भुगतान भी शीघ्र किया जाएगा।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया में इस वर्ष किसानों को एफ.आर.पी. राशि का पूर्ण भुगतान 15 जुलाई तक कर दिया गया, जो पिछले 5 वर्षों में सबसे तेज भुगतान है। इससे पहले सत्र 2021-22 में 12 सितंबर 2022, सत्र 2022-23 में 14 अगस्त 2023, सत्र 2023-24 में 19 सितंबर 2024, सत्र 2024-25 में 18 अक्टूबर 2025 को किया गया था और पांचवें वर्ष में सत्र 2025-26 में 15 जुलाई 2026 को किसानों को रिकॉर्ड समय में पूर्ण भुगतान किया गया। यह उपलब्धि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली पंडरिया विधायक भावना बोहरा की सक्रिय पहल और निरंतर प्रयासों से हुआ है।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने समस्त गन्ना किसानों को बधाई देते हुए कहा कि किसानों का हित हमारी प्राथमिकता है और उनके अधिकारों के लिए हमारी निति स्पष्ट और नियत साफ़ है, क्योंकि हमारे किसान भाई-बहन पंडरिया विधानसभा की अर्थव्यवस्था और समृद्धि की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्हें उनकी फसल का पूर्ण भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के इस विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कारखाना प्रबंधन और शासन स्तर पर हमने लगातार संवाद किया और आज पंडरिया विधानसभा के गन्ना किसानों को रिकॉर्ड समय में एफ.आर.पी. का पूर्ण भुगतान उनके खतों में हस्तांतरित कर दी गई है। हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि हमारे किसानों को उनके परिश्रम का पूरा सम्मान मिले। इसी भावना के साथ लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम है कि इस वर्ष पहली बार पिछले 5 वर्षों की तुलना में सबसे कम समय में एफ.आर.पी. का शत-प्रतिशत भुगतान संभव हो सका।

भावना बोहरा ने कहा कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा तभी गांव मजबूत होंगे और गांव मजबूत होंगे तो प्रदेश भी समृद्ध बनेगा। माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और किसानों को उनका पारिश्रमिक अधिकारी देने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय को शासन एवं प्रशासन तक पहुंचाने व उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेंगी तथा शेष रिकवरी राशि का भुगतान भी जल्द से जल्द सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।