जन्मदिन की पार्टी के बाद खूनी विवाद: बोलेरो कैंपर से कुचलने पर युवक की मौत, हत्या का मामला दर्ज

Posted on: 2026-07-04


कोरबा, 04 जुलाई । कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। बोलेरो कैंपर से कथित रूप से कुचलने की घटना में उज्जवल सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल सिंह के बीच विवाद हो गया। उस समय मौजूद साथियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद सभी लोग रिजॉर्ट से बाहर निकल गए।

बताया जा रहा है कि रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान तुषार ढांडा ने कथित तौर पर गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर तेज रफ्तार से उज्जवल सिंह की ओर बढ़ा दी। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

घायल उज्जवल सिंह को तत्काल शिवाय हॉस्पिटल, कोरबा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद में वाहन से कुचलने की बात सामने आई है। आरोपित तुषार ढांडा के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।