Posted on:
जगदलपुर, 30 जून । जिला मुख्यालय से 42 किलोमीटर दूर बकावंड ब्लाक के ग्राम पंचायत संघकरमरी के भालूगुड़ा पारा की ज्योति कश्यप देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली में भूगोल विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करेगी। जेएनयू में पढ़ाई करने वाली ज्योति बस्तर की पहली आदिवासी छात्रा होगी। विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अप्रैल में आयोजित परीक्षा (भूगोल) में देश में ओवरआल मेंं 179 रैंक और अनुसूचित जनजाति वर्ग में चाैथा स्थान प्राप्त कर पात्रता प्राप्त कर ली है। ज्योति कश्यप का कहना है कि, जेएनयू में पढ़ाई करना उसका सपना था। देश के टाप टेन विश्वविद्यालय में यह शामिल है। स्नातकोत्तर की पढ़ाई के साथ ही संघ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी करेगी।
ज्योति के पिता गुरुबंधु प्राथमिक शाला में प्रधान अध्यापक हैं, माता मालती कश्यप गृहणी और किसान है। गुरुबंधु की पांच बेटियां और एक बेटा है। वह सभी को अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं। माता-पिता का कहना है कि, बच्चों उच्च शिक्षित और संस्कारवान बनाना उनका सपना है। गुरुबंधु ने बताया कि ,ज्योति सबसे बड़ी है। उसकी सफलता से भाई-बहन और गांव के दूसरे बच्चे भी पढ़ाई को लेकर उत्साहित है। शिक्षा से ही व्यक्ति, समाज और क्षेत्र का विकास होगा। शिक्षा को हथियार बनाकर हर नेक लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है। ज्योति ने बताया कि, वह 10 अगस्त को जेएनयू के लिए रवाना होंगी। अभी एक माह से अधिक समय बाकी है। इस समय का उपयोग वह विभिन्न कामों में कर रही है।