भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। कई लोग दिन की शुरुआत चाय से करते हैं, तो कुछ लोग शाम की चाय के बिना खुद को अधूरा महसूस करते हैं। वहीं, बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जिन्हें रात के खाने के तुरंत बाद चाय पीने की आदत होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत लंबे समय में शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकती है।आहार मार्गदर्शक समिति के संयोजक डॉ. डी. रघुनाथ राव के अनुसार, भोजन के तुरंत बाद चाय पीना स्वास्थ्य के लिए सही नहीं माना जाता। उनका कहना है कि चाय में मौजूद टैनिन और अन्य तत्व भोजन में पाए जाने वाले आयरन जैसे जरूरी पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डाल सकते हैं। इससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता और समय के साथ आयरन की कमी जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, खाने के तुरंत बाद चाय पीने से पाचन प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। इससे गैस, अपच, पेट फूलना और भारीपन जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। जिन लोगों को पहले से पाचन संबंधी परेशानी रहती है, उनके लिए यह आदत और भी नुकसानदायक हो सकती है।रात के समय ज्यादा चाय पीने से नींद की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। चाय में मौजूद कैफीन शरीर को लंबे समय तक सक्रिय रखता है, जिससे देर तक नींद नहीं आती या नींद बार-बार टूट सकती है। लगातार नींद पूरी न होने से थकान, चिड़चिड़ापन और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यदि चाय पीनी ही हो, तो भोजन के कम से कम एक से दो घंटे बाद पिएं। इससे शरीर को भोजन के पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने का समय मिल जाता है और पाचन पर भी अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता।संतुलित मात्रा में और सही समय पर चाय पीना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इसे भोजन के तुरंत बाद पीने की आदत से बचना बेहतर है। यदि किसी व्यक्ति को एनीमिया, एसिडिटी, पाचन संबंधी समस्या या नींद से जुड़ी परेशानी है, तो उसे अपनी खान-पान की आदतों के बारे में डॉक्टर या पोषण विशेषज्ञ से सलाह लेना चाहिए।