रावघाट में कटे गए सैकड़ों पेड़, रेंजर एवं एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी

Posted on: 2026-06-26


कांकेर, 26 जून । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर रावघाट माइंस क्षेत्र में वन भूमि पर बिना विभागीय अनुमति सड़क निर्माण और सैकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में खुलासा हुआ है कि रावघाट माइंस से सरगीपाल रेलवे स्टेशन तक लगभग 1.25 किलोमीटर लंबी सड़क वन भूमि पर बिना अनुमति बना दी गई। सड़क निर्माण के लिए घने जंगल के बीच सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों की कटाई कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) ऋषभ जैन ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और आर्थिक दंड की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, क्षेत्र के बीट गार्ड और वनपाल पर निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इतनी बड़ी लापरवाही पर वन विभाग ने संबंधित रेंजर और एसडीओ को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग का कहना है कि बिना अनुमति वन भूमि पर सड़क निर्माण और पेड़ों की कटाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है तथा दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।