मुख्यमंत्री असोला भाटी की नीली झील के किनारे करेंगी योग

Posted on: 2026-06-20


नई दिल्ली, 20 जून । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून (रविवार) सुबह दक्षिण दिल्ली स्थित असोला भाटी वन्यजीव अभयारण्य में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में भाग लेंगी। प्रकृति की मनोरम वादियों और हरियाली से घिरे नीली झील क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं योगाभ्यास करेंगी और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगी।

इस विशेष कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से योग, पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली का सामूहिक संदेश दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का मार्ग दिखाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग व्यक्ति को मानसिक शांति, ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी प्रयासों और वैश्विक नेतृत्व के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की। आज विश्व के सैकड़ों देशों में करोड़ों लोग इस दिन योग कर भारत की इस महान परंपरा का सम्मान कर रहे हैं। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक स्वीकार्यता मिली है। दिल्ली सरकार स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ पर्यावरण और हरित दिल्ली के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ असोला भाटी वन्यजीव अभयारण्य जैसे महत्वपूर्ण पारिस्थितिक क्षेत्र में किया जा रहा है।

योग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री वन्यजीव अभयारण्य परिसर में विकसित भारत नर्सरी का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान वह वहां उगाए जा रहे विभिन्न देशी वृक्षों, पौधों तथा जैव विविधता संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा करेंगी। मुख्यमंत्री नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की गुणवत्ता, संरक्षण व्यवस्था और हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी अवलोकन करेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री असोला क्षेत्र और दक्षिणी रिज के विभिन्न हिस्सों में चल रहे पौधारोपण अभियान का निरीक्षण करेंगी तथा दिल्ली को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगी।