एनडीएमसी के आठ प्रमुख स्थलों पर आठ योग संस्थाओं की सहभागिता से आयोजित होगा योग दिवस

Posted on: 2026-06-19


नई दिल्ली, 19 जून । नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन हेतु एनडीएमसी क्षेत्र के आठ प्रतिष्ठित स्थलों पर व्यापक तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित किया गया।

बढ़ती जनभागीदारी एवं व्यापक जनसंपर्क गतिविधियों के बीच 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य समारोह की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ अंतिम चरण में हैं। विशेष रूप से कर्तव्य पथ, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन एवं शांति पथ लॉन जैसे प्रमुख स्थलों पर बड़ी संख्या में सहभागिता की संभावना है।

इस आयोजन में 5,000 से अधिक योग साधकों, स्थानीय निवासियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), विद्यार्थियों, अधिकारियों तथा आगंतुकों के भाग लेने की संभावना है, जिससे यह राजधानी के हृदयस्थल में आयोजित सबसे बड़े समन्वित जन-स्वास्थ्य एवं जन-कल्याण अभियानों में से एक होगा।

एनडीएमसी ने अनुसार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन आठ स्थलों पर किया जाएगा । ये स्थल है - शांति पथ लॉन, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, न्यू मोती बाग (आईएएस आवास), संजय झील (लक्ष्मी बाई नगर), पंडारा पार्क तथा पालिका पार्क (कनॉट प्लेस)।

इन स्थलों पर योग सत्रों एवं प्रदर्शनों के संचालन हेतु प्रतिष्ठित योग संस्थाएं जैसे आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, ईशा योग केंद्र, द योग गुरु इंस्टीट्यूट, मोक्षायतन योग संस्थान तथा इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन एनडीएमसी के साथ सहभागिता करेंगी।

कार्यक्रम के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एनडीएमसी ने विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों पर आधारित एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।



जनभागीदारी पर विशेष जोर के लिए एनडीएमसी ने सभी नोडल अधिकारियों को स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए, संस्थानों एवं सामुदायिक संगठनों के साथ सक्रिय समन्वय स्थापित करने तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही योग के स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम एवं पूर्व-आयोजन योग गतिविधियां भी एनडीएमसी क्षेत्र में आयोजित की जा रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा 19 एवं 20 जून को राजधानी के दो प्रमुख हरित स्थलों—तालकटोरा गार्डन एवं लोधी गार्डन में विशेष योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं। ये निःशुल्क सामुदायिक सत्र प्रशिक्षित विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योग अभ्यास उपलब्ध कराते हैं तथा सभी आयु वर्गों के लोगों में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व को बढ़ावा देते हुए सक्रिय जनभागीदारी को प्रोत्साहित करते हैं।

इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी की आयुष इकाइयां विभिन्न स्थलों पर योग सत्र, जागरूकता कार्यक्रम तथा कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) अभ्यास आयोजित कर रही हैं। स्वास्थ्य एवं सतत जीवनशैली के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता , अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन स्वस्थ जीवनशैली, निवारक स्वास्थ्य देखभाल, पर्यावरणीय जागरूकता एवं सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एनडीएमसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इन पहलों के माध्यम से एनडीएमसी नागरिकों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना चाहती है, जिससे शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिल सके। एनडीएमसी सभी निवासियों, नागरिकों, विद्यार्थियों एवं आगंतुकों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के समारोह में शामिल होकर स्वास्थ्य, सद्भाव एवं कल्याण के इस वैश्विक जनआंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की।