ग्रीन फार्म हाउस में लगी आग, दर्जनभर दमकल गाड़ियां मौके पर

Posted on: 2026-05-15


नई दिल्ली, 15 मई । बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर इलाके में स्थित यादु ग्रीन फार्म हाउस में शुक्रवार सुबह आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया। घटना नेशनल हाईवे-44 के पास स्थित फार्म हाउस के पास की है।

दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दर्जनभर से अधिक गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते फार्म हाउस के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही देर में फार्म हाउस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर एंबुलेंस और राहत दल भी तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

फिलहाल राहत की बात यह है कि घटना में अभी तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए है।