Posted on:
मुंबई, 28 नवंबर । अभिनेत्री रिचा चड्ढा ने अपनी नॉन-फिक्शन सीरीज 'मुसाफिरी' के जरिए मुंबई के कोली समुदाय और वहां की महिलाओं के संघर्ष को सामने रखा है। मुंबई के बदलते सामाजिक परिवेश पर आधारित इस सीरीज के एक विशेष एपिसोड में उन्होंने बताया कि शहर को महिलाओं के लिए सुरक्षित और बेहतर बनाने में कोली महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। रिचा के मुताबिक, इन महिलाओं ने अपने अधिकारों और आजीविका की रक्षा के लिए जिस तरह एकजुट होकर आवाज उठाई, उसने दूसरी महिलाओं के लिए भी रास्ते खोले।
रिचा ने कहा कि कोली महिलाओं का अपनी पारंपरिक बस्तियों और कामकाज से जुड़ी जगहों पर सदियों से अधिकार रहा है। हालांकि, समय के साथ बढ़ते पलायन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के कारण उनकी आजीविका प्रभावित होने लगी। ऐसे में उन्होंने चुप रहने के बजाय एकजुट होकर अपने हक और बेहतर सुविधाओं की मांग की। रिचा के अनुसार, इन महिलाओं ने न केवल अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया, बल्कि दूसरी महिलाओं को भी अपने हक के लिए आगे आने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुरानी सोच और परंपराओं को चुनौती देने का साहस रखने वाली महिलाएं ही अक्सर बदलाव की शुरुआत करती हैं।
सीरीज के इस एपिसोड के माध्यम से रिचा ने महिलाओं की स्वतंत्रता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी के महत्व को भी रेखांकित किया है। उनका मानना है कि महिलाओं की सुरक्षा केवल बेहतर व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए उन्हें बराबरी का अधिकार, काम करने की आजादी और अपने फैसले लेने का अवसर मिलना भी जरूरी है। कोली महिलाओं का संघर्ष इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।