अनुपम खेर का नया गीत 'राम भक्त हनुमान' रिलीज, भक्ति और इंसानियत का दिया संदेश

Posted on: 2026-11-24


मुंबई, 24 नवंबर । अभिनेता अनुपम खेर अब एक नए भक्ति गीत 'राम भक्त हनुमान' के जरिए दर्शकों के सामने आए हैं। वरुण गुप्ता के मैक्स स्टूडियोज ने इस हिंदी ओरिजिनल गाने को रिलीज किया है।

यह गीत भगवान हनुमान की भक्ति के साथ इंसानियत, करुणा और निस्वार्थ सेवा का संदेश देता है। इसकी खास बात यह है कि इसमें ईश्वर की मौजूदगी को केवल मंदिरों तक सीमित न रखते हुए रोजमर्रा के अच्छे कार्यों और दूसरों की मदद करने के भाव से जोड़ा गया है।

गाने में अनुपम खेर की मौजूदगी इसके संदेश को खास बनाती है। उनका कहना है कि जब वरुण गुप्ता ने उन्हें अच्छाई के भीतर भगवान को खोजने का विचार बताया, तो यह बात उनके दिल को छू गई। उन्होंने गाने के संगीत, बोल और तनय मिमानी की आवाज की भी तारीफ की। अनुपम के मुताबिक, यह गीत पूरी ईमानदारी और सच्चे भाव से तैयार किया गया है और उन्हें उम्मीद है कि यह श्रोताओं के दिलों तक पहुंचेगा। गीत को तनय मिमानी ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल लिखने के साथ उन्होंने संगीत भी तैयार किया है।

इस गीत का निर्माण, लेखन और निर्देशन वरुण गुप्ता ने किया है। 'राम भक्त हनुमान' अब यूट्यूब पर उपलब्ध है, जबकि इसका ऑडियो प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी जारी किया गया है। काम की बात करें तो अनुपम खेर इन दिनों फिल्म ‘रामायण’ में जटायु की भूमिका और राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर चर्चा में हैं।