राउंडग्लास अकादमी पंजाब हॉकी लीग की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची

Posted on: 2026-11-23


मोहाली, 23 नवंबर । राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग के तीसरे सत्र में लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने सोमवार को ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट के पांचवें दिन नामधारी इलेवन को 3-1 से हराया। राउंडग्लास ने बेहतर गोल अंतर के आधार पर दिल्ली की घुमनहेड़ा राइजर्स को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया। घुमनहेड़ा ने भी अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

राउंडग्लास हॉकी अकादमी और नामधारी इलेवन के बीच पहले क्वार्टर में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मध्यांतर के तुरंत बाद राउंडग्लास ने मैच पर पकड़ बना ली। जर्मन सिंह ने 31वें और 35वें मिनट में लगातार दो मैदानी गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में नामधारी इलेवन ने वापसी की कोशिश की। गुरमन सिंह ने 48वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अंतर 1-2 कर दिया। हालांकि, मेजबान टीम ने 55वें मिनट में अनुराग के मैदानी गोल की मदद से दो गोल की बढ़त फिर हासिल कर ली। इसके साथ ही राउंडग्लास ने पूरे तीन अंक अपने नाम कर लिए।

दिन के शुरुआती मुकाबले में गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत ने रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट में सुरजीत हॉकी अकादमी को 6-5 से हराकर बोनस अंक हासिल किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। पहले हाफ में दोनों टीमों ने रक्षात्मक रूप से मजबूत खेल दिखाया और कोई गोल नहीं हुआ। तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में रोहित ने मैदानी गोल कर सुरजीत हॉकी अकादमी को बढ़त दिलाई। अंतिम क्वार्टर में गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत ने वापसी की। गुरदयाल सिंह ने 48वें मिनट में मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया और मुकाबला शूटआउट में पहुंच गया।

शूटआउट के शुरुआती पांच प्रयासों के बाद दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं। इसके बाद मुकाबला सडन डेथ में पहुंचा। आठवें दौर में आशीष ने निर्णायक गोल किया, जबकि गोलकीपर लव कुमार ने जसनप्रीत सिंह का प्रयास रोककर सोनीपत की टीम को बोनस अंक दिला दिए।

दिन के दूसरे मुकाबले में दिल्ली की घुमनहेड़ा राइजर्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई के रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब को 4-0 से हराया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। दिल्ली की टीम ने 20वें मिनट में पंकज फालस्वाल के पेनाल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से बढ़त हासिल की और मध्यांतर तक 1-0 से आगे रही।

तीसरे क्वार्टर के अंतिम चरण में घुमनहेड़ा राइजर्स ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। पंकज फालस्वाल ने 44वें और 45वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से दो और गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके तुरंत बाद सुखदेव सिंह ने 45वें मिनट में मैदानी गोल कर टीम की बढ़त 4-0 कर दी। अंतिम क्वार्टर में रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब ने वापसी के प्रयास किए, लेकिन घुमनहेड़ा की टीम ने अपनी रक्षात्मक मजबूती बनाए रखी और बिना कोई गोल खाए मुकाबला जीत लिया। यह लीग में उसकी लगातार तीसरी जीत रही।

पांचवें दिन के खेल के बाद राउंडग्लास हॉकी अकादमी तीन मैचों में नौ अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। दिल्ली की घुमनहेड़ा राइजर्स और जमशेदपुर की नेवल टाटा हॉकी अकादमी भी नौ-नौ अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। ओडिशा नेवल टाटा एचपीसी दो मैचों में छह अंक लेकर चौथे स्थान पर है।