भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें युवा : प्रधानमंत्री

Posted on: 2026-11-21


नई दिल्ली, 21 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं से सीमित सोच से बाहर निकलकर नई संभावनाएं तलाशने और देश की चुनौतियों के समाधान में योगदान देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर के 100वें स्थापना दिवस तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना चाहिए। चिप से लेकर जहाज तक का निर्माण भारत में होगा और इसमें युवाओं की अहम भूमिका रहेगी।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने पर विशेष स्मारक सिक्का जारी किया और '75 वॉयसेज फॉर विकसित भारत' पहल के तहत 75 विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

मोदी ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी 75 वर्षों की यात्रा में देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत ने इस दौरान बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है। संस्थान ने हर दौर में देश की वैज्ञानिक, तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब आईआईटी खड़गपुर की स्थापना हुई थी, तब देश को उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी। बाद में यहां के विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी और सॉफ्टवेयर उद्योग को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। अब विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में संस्थान की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपनी प्रतिभा, सपनों और देश की क्षमता को सीमित न करें। राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे सोच की सीमाएं तोड़ते हैं। उन्होंने सेमीकंडक्टर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भारत में चिप निर्माण को लेकर सवाल उठाए जाते थे लेकिन अब देश में कई सेमीकंडक्टर सुविधाएं शुरू हुई हैं और भारत चिप का निर्यात भी करने लगा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चिप से लेकर जहाज तक का निर्माण देश में होगा।

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसर सीमित थे लेकिन अब इसे उनके लिए खोल दिया गया है। आईआईटी खड़गपुर के पूर्व विद्यार्थी पवन द्वारा स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना और भारत के पहले निजी रॉकेट प्रक्षेपण में योगदान इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश के कई स्टार्टअप अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई गति दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। यह बदलाव सीमित सोच से बाहर निकलकर नई नीतियों और गरीबों को सशक्त बनाने के प्रयासों से संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर जिस स्थान पर बना है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए हिरासत शिविर था। बंगाल की धरती ने विचारों और राष्ट्रीय आंदोलनों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है। उस समय स्वतंत्रता सेनानियों ने इसी स्थान पर देश की आजादी का संकल्प लिया था। आज इसी भूमि पर तैयार हो रहे युवा अपने नवाचार और विचारों से भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशक युवाओं के जीवन और देश के विकास के लिए निर्णायक होंगे। युवाओं को खुद से सवाल करना चाहिए कि वे देश की किस चुनौती के समाधान में योगदान दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों को यह संकल्प लेना चाहिए कि जब संस्थान अपनी 100वीं वर्षगांठ मनाए, तब भारत विकसित राष्ट्र बन चुका हो।