ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में आमतौर पर गिरावट का रुख

Posted on: 2026-11-19


नई दिल्ली, 19 नवंबर । ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। हालांकि, डाउ जोन्स फ्यूचर्स आज सुबह मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। दूसरी ओर, यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान चौतरफा बिकवाली का दबाव रहा, जहां सभी प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एशियाई बाजार में भी आज दबाव का माहौल दिख रहा है, जिसमें ज्यादातर प्रमुख सूचकांक लाल निशान में काम कर रहे हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी भी आज सुबह कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उतार-चढ़ाव भरा कारोबार रहा। निवेशकों ने एंथ्रोपिक के आईपीओ प्राइसिंग से पहले एनवीडिया के नतीजों का आकलन किया। इसके साथ ही अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मिनट्स में दिखे सख्त रुख का असर भी बाजार पर नजर आया। इस माहौल में बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 566.39 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,193.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स भी 18 अंक यानी करीब 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,322.53 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत करने में सफल रहा। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स ने बढ़त दर्ज की और यह 101.50 अंक यानी 0.39 प्रतिशत उछल कर 24,429.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जोन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 188.68 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 50,386.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का जोर बना रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 138.70 अंक यानी 1.31 प्रतिशत टूट कर 10,551.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह जर्मनी के डीएएक्स इंडेक्स में भी बड़ी गिरावट आई। यह सूचकांक 309.13 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,736.24 अंक के स्तर पर आ गया। इसके साथ ही फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने भी 69.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट दर्ज करते हुए 8,146.83 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया।

ग्लोबल मार्केट के इन संकेतों के बीच एशियाई बाजार में आज कमजोरी हावी नजर आ रही है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से सात के सूचकांक दबाव के कारण लाल निशान में काम कर रहे हैं। वहीं, केवल दो सूचकांक ही बढ़त के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी आज सुबह 78 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,144 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जो घरेलू बाजार के लिए सुस्त शुरुआत के संकेत हैं।

ताइवान स्टॉक एक्सचेंज पर आज भारी गिरावट देखी जा रही है, जहां ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,516.41 अंक यानी 3.77 प्रतिशत लुढ़क कर 38,678.50 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में भी आज बिकवाली का दबाव है। पिछले सत्र के कारोबार के मुकाबले हैंगसेंग इंडेक्स फिलहाल 459.75 अंक यानी 1.97 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,835 अंक के स्तर पर फिसल गया है। थाईलैंड का सेट कंपोजिट इंडेक्स भी 12.27 अंक यानी 0.83 प्रतिशत टूट कर 1,459.74 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में भी आज नरमी दिख रही है। फिलहाल यह सूचकांक 15.84 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,571.99 अंक के स्तर पर बना हुआ है। इसी तरह सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 7.52 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 5,062.54 अंक के स्तर पर काम कर रहा है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 7.07 अंक यानी 0.14 प्रतिशत फिसल कर 5,060.37 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 205.72 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,230 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में भी 2.70 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 5,250.58 अंक के स्तर पर बना हुआ है।