दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया है कि इस महीने की 3 तारीख को पंजाब में एक ही दिन में पराली जलाने की 580 से अधिक घटनाएं दर्ज की गईं।
राष्ट्रीय राजधानी के शास्त्री पार्क स्थित एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) के दौरे के दौरान श्री सिरसा ने कहा कि पिछले महीने की 30 तारीख को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 60 था, जो 31 तारीख को बढ़कर 117 हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि सिर्फ तीन दिनों में प्रदूषण में अचानक हुई इस वृद्धि का कारण क्या है, और जोर देकर कहा कि दिल्ली में कोई नया निर्माण, प्रदूषण फैलाने वाले वाहन या उद्योग स्थापित नहीं हुए हैं।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, धान की कटाई का 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। श्री सिरसा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर राज्य में धान की कटाई शुरू होने के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाया।
पंजाब के प्रदूषण आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि बठिंडा में प्रदूषण का स्तर 1,100 से ऊपर था, जबकि तलवंडी साबो में यह 1,000 से ऊपर था।