Posted on:
नई दिल्ली, 04 नवंबर । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के सचिव महिम वर्मा ने महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली भारतीय खिलाड़ी प्रेमा रावत की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रेमा रावत ने जो उपलब्धि हासिल की है, उस पर न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को गर्व है।
उत्तराखंड की 24 वर्षीय प्रेमा रावत ने सीनियर वूमेंस टी-20 ट्रॉफी में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी को आकर्षित किया। दो नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में प्रेमा ने महज 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए महिला टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पाकिस्तान की फातिमा सना (15 गेंद में पचासा) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। अपनी इस ऐतिहासिक पारी में उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। केवल बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी उन्होंने 4 ओवर में मात्र 12 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
महिम वर्मा ने प्रेमा को बधाई दते हुए कहा कि 14 गेंदों में रिकॉर्ड अर्धशतक बनाना और गेंद व बल्ले दोनों से कमाल दिखाना उनकी अद्भुत क्षमता और कड़ी मेहनत का नतीजा है। प्रेमा एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जो सुदूर क्षेत्र से आकर आज विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ रही हैं। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड हमेशा से ऐसे युवा खिलाड़ियों को तराशने के लिए काम करता रहा है। हाल ही में हुए उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) में उनके शानदार प्रदर्शन से साफ था कि वे बड़े मंच के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रेमा आगे भी इसी तरह नए रिकॉर्ड बनाएंगी और भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन करेंगी।
उत्तराखंड के एक दूर-दराज और सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली प्रेमा की प्रतिभा को निखारने में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड का बहुत बड़ा योगदान रहा है। सीएयू ने प्रेमा की काबिलियत को शुरुआती दिनों में ही पहचाना और उन्हें हर संभव सुविधाएं, आधुनिक कोचिंग और सही मार्गदर्शन प्रदान किया।
हाल ही में आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग ने भी उनके करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यूपीएल के जरिए मिले शानदार अनुभव और मैच एक्सपोजर के दम पर ही वे आज उत्तराखंड की टीम के लिए ऐसा मैच-विनिंग प्रदर्शन कर पा रही हैं।
प्रेमा भारत के लिए अब तक सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 7 विकेट भी लिए हैं। इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग में वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की ओर से खेलती हैं।
मुकाबले की बात करें तो प्रेमा रावत की 50 रन की नाबाद पारी की बदौलत उत्तराखंड की टीम ने 20 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए थे। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद सिर्फ आठ विकेट खोकर 98 रन ही बना पाई। इस तरह उत्तराखंड ने यह मैच 89 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया था।