Posted on:
आइची-नागोया, 20 अक्टूबर। भारतीय पैरा पावरलिफ्टर अशोक कुमार मलिक ने एशियाई पैरा खेल-2026 में इतिहास रचते हुए पुरुषों के 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीत लिया। उनके इस प्रदर्शन के साथ भारत ने इस संस्करण में पैरा पावरलिफ्टिंग में अपना पहला पदक हासिल किया।
अशोक ने अपने दूसरे प्रयास में 192 किलोग्राम भार सफलतापूर्वक उठाकर दूसरा स्थान सुनिश्चित किया। उन्होंने पहले प्रयास में 187 किलोग्राम भार उठाया था। स्वर्ण पदक के लिए उन्होंने अंतिम प्रयास में 201 किलोग्राम भार उठाने की चुनौती स्वीकार की, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सके।
चीन के यी झोउ ने 216 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंडोनेशिया के मारगोनो ने 177 किलोग्राम भार के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
अशोक ने पिछले संस्करण में हांगझोऊ में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए रजत पदक हासिल किया। वह पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में भारत के प्रमुख पैरा पावरलिफ्टरों में शामिल हैं
और पेरिस पैरालंपिक-2024 में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अशोक के रजत के साथ ही भारत के एशियन पैरा खेलों में अब तक कुल पदक 22 हो गए हैं, जिनमें 5 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।