Posted on:
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल मदन लाल खुराना की जयंती के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके राजनीतिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, खुराना की पत्नी राज खुराना, ओ. पी. बब्बर, मूलचंद चावला, वेद व्यास महाजन सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को स्मरण किया।
इस मौके पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मदन लाल खुराना भारतीय राजनीति में उच्च आदर्शों के प्रतीक थे। वो केवल नेता नहीं, एक मूल्य व्यवस्था थे। 1995 में जैन हवाला मामले में उनका नाम आने पर उन्होंने बिना एक पल गंवाए दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि खुराना ने राजनीति को ये संदेश दिया कि पद से बड़ा चरित्र और सिद्धांत होते हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि खुराना को दिल्ली का 'शेर' कहा जाता था। उनकी आवाज में दिल्ली की जनता का आत्मविश्वास बोलता था। मल्होत्रा ने बताया कि उन्होंने दिल्ली को राज्य का दर्जा दिलाने से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक के लिए संघर्ष किया। विपक्ष के बीच भी खुराना की एक अलग साख थी।
मल्होत्रा ने कहा कि आज उनकी जन्म जयंती पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि खुराना के त्याग, निष्ठा और राष्ट्र-प्रथम की राजनीति को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, राजेश भाटिया, रंजीत कश्यप, संतोष ओझा, संतोष पाल, कैलाश जैन, अमित गुप्ता और उनके परिजन शिवम छावड़ा एवं संयम छावड़ा भी सम्मिलित हुए।