Posted on:
भारत ने कहा है कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर अंतिम रूप दिया जाएगा। आज नई दिल्ली में उद्योग मंडल पीएचडीसीसीआई के सदस्यों को संबोधित करते हुए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि फरवरी में घोषित ढांचे का अमेरिकी टैरिफ परिदृश्य में बदलाव के मद्देनजर पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अपने उत्पादों को अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए अधिक अनुकूल टैरिफ शर्तों की मांग कर रहा है।
गोयल ने कहा कि भारत एक साथ कई साझेदारों के साथ व्यापार समझौतों पर काम कर रहा है, जिनमें इज़राइल, चिली, खाड़ी सहयोग परिषद और यूरेशियन आर्थिक संघ शामिल हैं। कनाडा के साथ बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ के साथ बातचीत जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। मेक्सिको के साथ व्यापार वार्ता भी अगले सप्ताह शुरू होने वाली है।
मंत्री ने आगे कहा कि ब्रिटेन और कनाडा के व्यापार मंत्री अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे। जुलाई में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लागू होने के बाद, ब्रिटेन के मंत्री के दौरे में भारत-ब्रिटेन संयुक्त आर्थिक एवं व्यापार समिति की बैठक भी शामिल होगी। गोयल ने कहा कि कई देश भारत के साथ व्यापार समझौते करने के इच्छुक हैं।