Posted on:
जांजगीर-चांपा, 10 अक्टूबर । जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में नैला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12-बीएम-5650 बरामद की है। गिरफ्तार आरोपिताें को आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सोमनाथ यादव उर्फ बूचू (19), दीपेश कुमार टैगोर उर्फ छोटा (19) और राजकुमार सूर्यवंशी उर्फ सोनू (32) के रूप में हुई है। तीनों आरोपित साकिनपाली क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें राजकुमार सूर्यवंशी वार्ड क्रमांक 14 का निवासी बताया गया है।
मामले के अनुसार, ग्राम दहकोनी, थाना बलौदा निवासी अमरदास मानिकपुरी ने नैला पुलिस चौकी में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे वह अपने दोस्तों के साथ शराब दुकान गया था। इस दौरान उसने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा, तो मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद माेटरसाइकिल का कोई पता नहीं चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर नैला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसके दौरान मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
विवेचना के दौरान तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपिताें ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपिताें को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, एएसआई नरेंद्र शुक्ला तथा आरक्षक संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू और नवीन तरुण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।