Posted on:
क्राइस्टचर्च, 09 अक्टूबर । न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्क चैपमैन और ऑलराउंडर जैक फॉल्क्स चोट के कारण भारत के खिलाफ आगामी घरेलू पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को इसकी पुष्टि की।
चैपमैन को पिछले महीने यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग के दौरान बाईं जांघ की मांसपेशियों में चोट लगी थी। उनके भारत के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज तक फिट होने की उम्मीद है। वहीं, फॉल्क्स को हाल ही में कैंटरबरी में अभ्यास सत्र के दौरान दाएं कूल्हे की मांसपेशियों में चोट लगी। उनकी मैदान पर वापसी की समयसीमा अभी तय नहीं की गई है।
न्यूजीलैंड ने टी20 टीम में चैपमैन की जगह ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और फॉल्क्स की जगह तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को शामिल किया है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने दोनों खिलाड़ियों के चोटिल होने पर निराशा जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा, “मार्क और जैक के चोटिल होने से मुझे बहुत दुख है। मैं दोनों के जल्द और सहज रूप से स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम भाग्यशाली हैं कि हमें जोश और ब्लेयर के अनुभव का लाभ उठाने का मौका मिल रहा है। मुझे पता है कि दोनों इस सीरीज में शामिल होने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह एक शानदार टी20 सीरीज होने जा रही है।”
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर।