Posted on:
मुंबई, 06 अक्टूबर। रणबीर कपूर अभिनीत नितेश तिवारी की 'रामायण' अपनी रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। अंजलि अरोड़ा की फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के निर्माता प्रकाश महोबिया ने आरोप लगाया है कि उनकी फिल्म के खिलाफ लगातार नकारात्मक मार्केटिंग की गई, जिसके कारण उसे सिनेमाघरों में दर्शकों तक पहुंचने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि जिन दर्शकों ने फिल्म देखी, उन्होंने इसकी सराहना की है। निर्माता ने यह भी कहा कि वह अपनी फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
बातचीत में महोबिया ने दावा किया कि उनकी फिल्म के खिलाफ यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और अन्य लोगों के जरिए नकारात्मक प्रचार कराया गया। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर गलत जानकारी शेयर की गई और लोगों से इसे नहीं देखने की अपील तक की गई। उन्होंने कहा कि फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला और बिना फिल्म देखे उसके बारे में राय बनाना उचित नहीं है। हालांकि, उन्होंने इस कथित अभियान के पीछे किसी विशेष व्यक्ति या टीम का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया।
प्रकाश महोबिया से जब पूछा गया कि क्या वह नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की 'रामायण' की टीम पर इस कथित अभियान के पीछे होने का आरोप लगा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी निश्चित जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें ऐसा बताया गया है। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' में अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। निर्माता के अनुसार, वह इसे एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी कर रहे हैं।