सेवा सेतु शिविर: 235 प्रकरणों में 10.94 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत, 99 मामलों में 5.37 करोड़ का वितरण

Posted on: 2026-10-05


जांजगीर-चांपा, 5 अक्टूबर । सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत बलौदा विकासखंड के अटल समरसता भवन जावलपुर में आज साेमवार काे विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।

शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले में स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई। कुल 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। वहीं 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए, जबकि 99 प्रकरणों में 5.37 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया।

शिविर में ग्रामीणों से कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 109 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित और एक शिकायत से संबंधित था। पात्र हितग्राहियों को ट्रायसायकल, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख और जॉब कार्ड वितरित किए गए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया। नई लखपति दीदियों का सम्मान भी किया गया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों के लिए ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक प्रदान किए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोर्टेबल एक्स-रे, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच और नेत्र परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।