Posted on:
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर । गांधी जयंती के मौके पर घरेलू शेयर बाजार में आज छुट्टी है। आज गांधी जयंती की छुट्टी के बाद शनिवार और उसके अगले दिन रविवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसीलिए अब शेयर बाजार तीन दिन बाद 5 अक्टूबर को खुलेगा और तभी सामान्य कारोबार की शुरुआत होगी।
बीएसई और एनएसई की तरह ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में भी आज गांधी जयंती के मौके पर कंप्लीट छुट्टी है। मतलब आज कमोडिटी एक्सचेंज में दिन और शाम दोनों सत्र में कोई कारोबार नहीं होने वाला है। इस छुट्टी की वजह से स्टॉक एक्सचेंज की तरह ही कमोडिटी एक्सचेंज में भी लगातार तीन दिन की छुट्टी रहेगी। इसके बाद कमोडिटी एक्सचेंज में भी 5 अक्टूबर से सामान्य कारोबार शुरू हो जाएगा।
स्टॉक एक्सचेंज द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार गांधी जयंती की छुट्टी होने के कारण बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर), कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी दिन के दोनों सत्रों में कारोबार नहीं होगा।
इसी तरह एनएसई में भी गांधी जयंती की छुट्टी होने के कारण इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी।
स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार अक्टूबर के महीने में आज गांधी जयंती की छुट्टी के बाद 20 अक्टूबर को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।
इस साल दिवाली आठ नवंबर को रविवार के दिन मनाई जाएगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इस दिन को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। हालांकि मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा।