Posted on:
मुंबई, 25 सितंबर । संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। रणबीर कपूर के फर्स्ट लुक के बाद अब फिल्म से आलिया भट्ट की दो झलकियां सामने आई हैं। पोस्टर्स में आलिया बेहद ग्लैमरस और अब तक के अपने अंदाज से बिल्कुल अलग अवतार में नजर आ रही हैं। उनका लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
पोस्टर में आलिया कुर्सी पर बैठी दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आकर्षक स्लिट स्कर्ट के साथ स्टाइलिश हेडपीस पहना है। रेट्रो अंदाज वाले बैकग्राउंड के बीच उनका कॉन्फिडेंट पोज कैबरे-स्टाइल ग्लैमर, सेंशुअलिटी और ओल्ड-स्कूल चार्म का एहसास कराता है। आलिया ने इस बिल्कुल नए लुक को बेहद आत्मविश्वास के साथ पेश किया है, जिससे फिल्म में उनके किरदार को लेकर दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ गई है।
संजय लीला भंसाली की फिल्मों में प्रेम और भव्यता का खास मेल देखने को मिलता है और 'लव एंड वॉर' के पोस्टर्स भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होने के लिए तैयार है।