दुर्गापूजा से पहले फिर कोलकाता आएंगी तसलीमा नसरीन

Posted on: 2026-09-20


कोलकाता, 20 सितंबर। दुर्गापूजा से पहले साहित्य जगत में एक बार फिर हलचल होने वाली है। ‘लज्जा’, ‘द्विखंडित’ और ‘मेयबेला’ जैसी चर्चित कृतियों की लेखिका तसलीमा नसरीन एक बार फिर कोलकाता आने वाली हैं। करीब दो महीने के अंतराल के बाद तसलीमा महालया के समय एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहर पहुंचेंगी। इस दौरान उनके कई दिनों तक कोलकाता में रहने की संभावना है। इस बार उनका कार्यक्रम महाजाति सदन में आयोजित होने की बात सामने आई है, जहां ‘शिकोल भांगार गल्पो’ यानी ‘जंजीर तोड़ने की कहानी’ का मंचन होगा।

बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम का निर्देशन तसलीमा नसरीन करेंगी, जबकि प्रसिद्ध नृत्यांगना मैत्री पहाड़ी इसकी कोरियोग्राफी करेंगी। सूत्रों के अनुसार तसलीमा आगामी 8 अक्टूबर को कोलकाता पहुंचेंगी और 12 अक्टूबर तक शहर में रहेंगी।

यानी दुर्गापूजा के मौसम में करीब पांच दिनों तक उनके प्रशंसकों को अपनी प्रिय लेखिका को शहर में देखने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम के आयोजकों के नाम की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। करीब दो दशक के निर्वासन के बाद एक अगस्त को तसलीमा नसरीन कोलकाता लौटी थीं। उस समय रवींद्र सदन में ‘सेक्युलर मिशन’ नामक संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनका स्वागत किया गया था।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम में उनका स्वागत करते हुए तसलीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन देते हुए कहा था कि वह जब चाहें कोलकाता आ सकती हैं। तसलीमा ने पिछली बार कोलकाता से लौटते समय हवाईअड्डे पर अक्टूबर में फिर आने की संभावना जताई थी। अब उनके अक्टूबर में दोबारा कोलकाता आने की खबर सामने आई है।