भस्म आरती में लीन दिखे नितिन नवीन, महाकाल से मांगा देशवासियों की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Posted on: 2026-09-18


उज्जैन, 18 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार तड़के 4 बजे मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल की प्रात:कालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया। उनके साथ मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन-आलोट सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे।



नितिन नवीन भस्म आरती के दौरान नंदी हॉल में बैठे और हाथ जोड़कर बाबा महाकाल की आराधना करते नजर आए। करीब डेढ़ घंटे तक वे आरती में शामिल रहे। भस्म आरती के दौरान मंदिर का वातावरण भगवान महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा। नितिन नवीन पारंपरिक सोला-परिधान में आरती में शामिल हुए। उन्होंने पीले रंग की धोती पहनी हुई थी। मंदिर की परंपरा के अनुसार भस्म आरती में शामिल होने के दौरान निर्धारित पारंपरिक परिधान धारण किया जाता है। उन्होंने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने चांदी की देहरी से बाबा महाकाल का पूजन किया और जलाभिषेक भी किया।

देशवासियों के कल्याण की कामना

दर्शन के बाद नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बाबा महाकाल की पावन नगरी में आकर दर्शन और भस्म आरती में शामिल होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने भगवान महाकाल से देश के नागरिकों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि मैं पहली बार मध्य प्रदेश और उज्जैन में आया हूं और जो भी महाकाल की नगरी में आता है वह बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती करके ही जाता है।

एक दिन पहले शिप्रा तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’

नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। गुरुवार को उज्जैन में उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत शिप्रा तट पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने के साथ वे शिप्रा आरती और भजन संध्या में भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने उज्जैन में रात्रि विश्राम किया और शुक्रवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में हिस्सा लिया।

मंदिर समिति ने किया स्वागत

भस्म आरती और दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्वागत-सत्कार किया गया। कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह तथा प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने दोनों नेताओं को शॉल, श्रीफल और बाबा महाकाल का प्रसाद भेंट किया।

भस्म आरती में हुआ बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार

शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। सबसे पहले पंचामृत अभिषेक और पूजन किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक के बाद बाबा का भांग, चंदन और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। इसके बाद महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।

भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल को रजत मुकुट, मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और पुष्पमालाओं से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भस्म आरती के दर्शन किए और नंदी महाराज के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस दाैरान मंदिर परिसर में लगातार बाबा महाकाल के जयकारे गूंजते रहे।