प्रधानमंत्री मोदी आज ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पांच देशों के राष्ट्रपतियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

Posted on: 2026-09-13


आज ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का दूसरा और अंतिम दिन है। आज ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देश लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता: समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य का निर्माण विषय पर आधारित सत्र में भाग लेंगे। 

 
दस भागीदार देश बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, क्यूबा, ​​मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम हैं। 
 
सत्र के समापन के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका और बुरुंडी के राष्ट्रपतियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। वे नाइजीरिया और युगांडा के उप-राष्ट्रपतियों से भी मुलाकात करेंगे।
 
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में आयोजित इस शिखर सम्मेलन का विषय है, "लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण"। ब्रिक्स टीम के साथ, आनंद कुमार, आकाशवाणी न्यूज़, दिल्ली।
 
दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का शुभारंभ कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। ब्रिक्स देशों ने शिखर सम्मेलन के पहले ही दिन नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को अपनाया। ब्रिक्स देशों ने संवाद, परामर्श और कूटनीति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
 
नेताओं ने पश्चिम एशिया में तनाव के लगातार बढ़ने पर भी चिंता व्यक्त की और अधिकतम संयम बरतने के साथ-साथ ऐसी कार्रवाइयों से बचने का आह्वान किया जो स्थिति को और बिगाड़ सकती हैं। 
 
उन्होंने पिछले वर्ष 22 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की भी कड़ी निंदा की और आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। भारत चौथी बार इस शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।