Posted on:
नई दिल्ली, 11 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के नांदेड में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘‘महाराष्ट्र के नांदेड में हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नांदेड में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रभावित सभी लोगों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के भंडारा जिले के पास नांदेड़ में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर आज सुबह ट्रक और बोलेरो की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई तथा नौ अन्य घायल हो गए।